Viral Momos Recipe: अगर आपको मोमोज खाना पसंद है लेकिन आटा गूंथने, मोमो शेप देने और स्टीम करने का झंझट मुश्किल लगता है, तो यह वायरल रेसिपी आपके बहुत काम आ सकती है। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसी इंस्टेंट मोमो रेसिपी काफी वायरल हो रही है, जिसे बनाने के लिए न आटा गूंथने की जरूरत पड़ती है, न मोमो रैप करने की और न ही स्टीमर की। खास बात यह है कि यह रेसिपी कम समय में तैयार हो जाती है और स्वाद में भी काफी मजेदार लगती है। शाम की हल्की भूख हो, बच्चों के लिए कुछ अलग बनाना हो या अचानक कुछ चटपटा खाने का मन हो, यह आसान मोमो रेसिपी ट्राई की जा सकती है। अगर आप भी घर पर बिना झंझट वाले वायरल मोमोज बनाना चाहती हैं, तो चलिए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
वायरल मोमो रेसिपी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 6 से 8 ब्रेड स्लाइस
- 1 कप बारीक कटी पत्ता गोभी
- आधा कप कद्दूकस की हुई गाजर
- 1 छोटा प्याज (बारीक कटा हुआ)
- 1 छोटा चम्मच लहसुन (बारीक कटा हुआ)
- 1 छोटा चम्मच सोया सॉस
- आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
- आधा छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
- नमक स्वादानुसार
- 1 बड़ा चम्मच तेल
- थोड़ा पानी

घर पर ऐसे बनाएं वायरल मोमो रेसिपी
सबसे पहले एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें। अब इसमें लहसुन डालकर हल्का सा भून लें। इसके बाद प्याज, पत्ता गोभी और गाजर डालकर 2 से 3 मिनट तक हल्का पकाएं।
अब इसमें सोया सॉस, काली मिर्च, चिली फ्लेक्स और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। तैयार स्टफिंग को ठंडा होने दें।
इसके बाद ब्रेड स्लाइस के किनारे काट लें और हल्का पानी लगाकर बेलन की मदद से थोड़ा पतला कर लें।
अब ब्रेड के बीच में तैयार स्टफिंग रखें और मोमो जैसी शेप देकर किनारों को हल्का दबाकर बंद कर दें।
एक नॉन-स्टिक पैन में थोड़ा तेल लगाएं और इन मोमोज को दोनों तरफ से हल्का सुनहरा होने तक सेक लें। आप चाहें तो ढककर 2 मिनट पकने भी दे सकती हैं।
आपके बिना आटा गूंथे और बिना स्टीम किए वायरल मोमोज तैयार हैं। इन्हें लाल चटनी या मेयो के साथ सर्व करें।
घर जैसा नहीं, बाहर जैसा स्वाद कैसे आए?
अगर आप बिल्कुल स्ट्रीट स्टाइल स्वाद चाहती हैं, तो स्टफिंग में थोड़ा सा सिरका और चिली सॉस मिला सकती हैं। इससे टेस्ट और ज्यादा मजेदार लगता है।
एक छोटा किचन टिप
ब्रेड को ज्यादा गीला न करें, वरना मोमो बनाते समय टूट सकते हैं।

